इटारसी पुलिस की मुस्तैदी: नाइट पेट्रोलिंग में कसावट से अपराधियों के हौसले पस्त, अपराधों में आई कमी I
इटारसी। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए इटारसी पुलिस इन दिनों एक्शन मोड में है। नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी वीरेंद्र मिश्र एवं थाना प्रभारी (टीआई) गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस द्वारा की जा रही सख्त नाइट पेट्रोलिंग का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। पुलिस की इस सतर्कता से शहर में आपराधिक गतिविधियों में भारी कमी दर्ज की गई है।
11 बजे के बाद बाजार बंद करने के सख्त निर्देश
पुलिस प्रशासन ने देर रात तक संचालित होने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों, विशेषकर रेलवे स्टेशन रोड और मुख्य बाजार क्षेत्र में चाय-नाश्ते और गुटखा-पाउच की दुकानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, रात 11:00 बजे के बाद खुलने वाली इन दुकानों के आसपास असामाजिक तत्वों और गुंडे-बदमाशों का जमावड़ा लगा रहता था, जो अक्सर विवाद और आपराधिक घटनाओं का कारण बनता था।
अब पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी व्यापारियों को निर्धारित समय के बाद दुकानें बंद रखने की हिदायत दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जनता के सहयोग की अपील, पहचान रहेगी गुप्त
इस मुहिम के संबंध में टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय ही अपराध मुक्त शहर की कुंजी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
“शहरवासी किसी भी माध्यम से हमें सूचना दे सकते हैं। पुलिस सूचना देने वाले नागरिक का नाम पूरी तरह गोपनीय रखेगी। हम जनता के सहयोग से ही अपराधियों पर पूरी तरह लगाम कस सकते हैं।” — गौरव सिंह बुंदेला, थाना प्रभारी, इटारसी
प्रमुख बिंदु:
-
सघन गश्त: पुलिस की टीमें रात भर शहर के संवेदनशील इलाकों में भ्रमण कर रही हैं।
-
गुंडा अभियान: चिन्हित बदमाशों के खिलाफ जिला बदर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
-
सुरक्षित स्टेशन रोड: देर रात रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है।
पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

