पड़ोसी की जान बचाना पड़ा भारी: मोरपानी हत्याकांड का खुलासा, केसला पुलिस ने 4 आरोपियों को भेजा जेल I
इटारसी-केसला। आपसी विवाद में बीच-बचाव करने आए एक मासूम पड़ोसी की बेरहमी से हत्या करने वाले चार आरोपियों को केसला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा के कुशल निर्देशन में थाना प्रभारी मदन पवार व उनकी टीम ने महज 48 घंटों के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला?
घटना 27 मार्च 2026 की शाम करीब 7:00 बजे ग्राम मोरपानी की है। आरोपी जीतेन्द्र कलमे अपने साथियों शिवा, शिवनारायण उर्फ डीजे और हरिओम के साथ सुनील कलमे के घर पहुँचा। विवाद की वजह सुनील द्वारा जितेन्द्र की बहन शिल्पा से मोबाइल लेना था। गाली-गलौज और मारपीट के बीच, पास ही किराना दुकान चलाने वाले जंगल सिंह बीच-बचाव करने पहुँचे।
बीच-बचाव करने पर ले ली जान
सुनील को तो उसकी बहन और भाभी ने बचाकर घर के अंदर कर लिया, लेकिन आरोपियों का गुस्सा बीच-बचाव करने आए जंगल सिंह पर फूट पड़ा। आरोपियों ने जंगल सिंह को घेर लिया और “बीच में क्यों आया” कहते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण जंगल सिंह की मौत हो गई। जाते-जाते आरोपी यह भी बोलकर गए कि “यदि सुनील को नहीं बचाता, तो तेरी जान नहीं जाती।”
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
अस्पताल से मेमो प्राप्त होने के बाद, थाना प्रभारी मदन पवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाए और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
-
जीतेन्द्र कलमे (26 वर्ष), निवासी मोरपानी
-
शिवा सिलु (19 वर्ष), निवासी मोरपानी
-
शिवनारायण उर्फ डीजे (25 वर्ष), निवासी मोरपानी
-
हरिओम लविस्कर (21 वर्ष), निवासी मोरपानी
न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1), 296(बी), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें इटारसी न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जिला जेल नर्मदापुरम भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका: इस अंधे कत्ल का खुलासा करने में निरीक्षक मदन पवार, सउनि अनंतराम लोधी, आरक्षक हेमराज यादव, अमित राय, राहुल उघडे और चालक प्र.आर. उमेश रघुवंशी की विशेष भूमिका रही I

पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

