इटारसी मंडी में गूंजी किसानों की आवाज: कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से की तीखी चर्चा, आर्थिक नुकसान की भरपाई की मांग I
इटारसी। जिले की सबसे बड़ी कृषि उपज मंडी इटारसी में सोमवार को किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस के विभिन्न संगठनों ने मोर्चा खोल दिया। जिला किसान कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेताओं ने मंडी प्रांगण पहुँचकर न केवल किसानों से सीधा संवाद किया, बल्कि मंडी प्रशासन के साथ बैठक कर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
समर्थन मूल्य से कम पर फसल बेचने वाले किसानों को मिले मुआवजा
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी ने सरकार के सामने एक बड़ी मांग रखते हुए कहा कि 15 मार्च से 10 अप्रैल के बीच जिन पंजीकृत किसानों ने अपनी उपज समर्थन मूल्य (MSP) से कम पर बेची है, उनकी सूची बनाई जाए। उन्होंने मांग की कि ऐसे किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई सरकार सीधे उनके खातों में राशि डालकर करे।
युवा कांग्रेस ने उठाया MSP और तुलाई का मुद्दा
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक परमार ने गेहूं, चना और मक्का लेकर आए किसानों से चर्चा की। उन्होंने मंडी में हो रही तुलाई और खरीदी संबंधी दिक्कतों पर प्रशासन को घेरा और मांग की कि किसानों को फसल का उचित दाम (MSP) मिलना सुनिश्चित किया जाए। पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने कहा कि सरकारी खरीदी समय पर न होने से किसान अगली फसल के लिए कर्ज लेने पर मजबूर हो रहा है।
मूंग चोरी और भ्रष्टाचार पर सख्त रुख
प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने वेयर हाउस से मूंग चोरी और खरीदी में चल रही गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने पुलिस और मंडी प्रशासन से इस गंभीर मामले में लिप्त गिरोह पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
बैठक में ये रहे मौजूद:
मंडी प्रशासन के साथ हुई इस महत्वपूर्ण चर्चा में राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के जिला अध्यक्ष हेमचंद कश्यप, किसान कांग्रेस अध्यक्ष शिवमंगल सिंह चौहान, जिला सेवादल अध्यक्ष अमित गुप्ता, और इटारसी नगर किसान कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और किसान साथी उपस्थित रहे।

जारीकर्ता: नरेन्द्र महालहा,
प्रवक्ता, जिला किसान कांग्रेस नर्मदापुरम।

