इटारसी: उपार्जन केंद्रों पर अव्यवस्थाओं का अंबार, किसान कांग्रेस ने सरकार को घेरा I
इटारसी: शुक्रवार, 10 अप्रैल को किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने केंद्रों पर पहुंचकर सरकारी दावों की जमीनी हकीकत जानी, जहां कई गंभीर अव्यवस्थाएं उजागर हुईं।
कांटा पूजन के बाद भी नहीं शुरू हुई खरीदी
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि डोलरिया कृषि उप मंडी प्रांगण स्थित चना खरीदी केंद्र पर 9 अप्रैल को ही कांटा पूजन कर दिया गया था, लेकिन 10 अप्रैल बीत जाने के बाद भी खरीदी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। मंडी परिसर में जानवरों का डेरा है और बारदाने की गठानें असुरक्षित रूप से खुले में रखी पाई गईं।
इन केंद्रों पर मिली खामियां:
-
केंद्र क्र. 108 (सफल एग्रोटेक, बेहरखेड़ी): यहाँ वेयरहाउस में तैयारी तो पूरी दिखी, लेकिन खरीदी समिति के कर्मचारी और बारदानों का कोई अता-पता नहीं था।
-
केंद्र क्र. 104 (पालीवाल वेयरहाउस, सेमरी खुर्द): यहाँ भी व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं।
-
तुलाई की समस्या: निरीक्षण में सामने आया कि वेयरहाउस के अंदर पर्याप्त जगह होने के बावजूद किसानों की उपज बाहर तुलवाई जा रही है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार की ‘कथनी और करनी’ में अंतर: कांग्रेस
प्रदेश महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार के दावों की पोल खुल गई है। कांटा पूजन के बाद भी खरीदी न होना किसानों के साथ छलावा है। वहीं, जिला अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी ने चेतावनी दी कि कांग्रेस हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भी भेज दी गई है।

