राष्ट्र निर्माण और आत्मरक्षा का संकल्प: विहिप प्रशिक्षण वर्ग के लिए भोपाल रवाना हुई मातृशक्ति I
इटारसी: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की मातृशक्ति बहनों की एक टोली शुक्रवार को अमरकंटक एक्सप्रेस से भोपाल के लिए रवाना हुई। यह टोली 10 अप्रैल से 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाले प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग में सम्मिलित होगी। स्टेशन पर विहिप पदाधिकारियों ने पुष्पहार पहनाकर सभी बहनों का उत्साहवर्धन और सम्मान किया।
आत्मनिर्भरता और धर्म रक्षा का मिलेगा प्रशिक्षण
नगर अध्यक्ष महेश वालेचनी ने बताया कि इन तीन दिनों के गहन प्रशिक्षण में मातृशक्तियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तलवार, भाला, दंड, बंदूक, जूडो, कराटे और योगा का अभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही पूजा पद्धति, प्राणायाम और धर्म रक्षा के संस्कारों से भी उन्हें परिचित कराया जाएगा।
शारीरिक और बौद्धिक विकास पर जोर
जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अनुरुद्ध चंसौरिया ने बताया कि इस वर्ग का मुख्य उद्देश्य मातृशक्ति में शारीरिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास के साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति दायित्वबोध जगाना है। वहीं, जिला संयोजिका तरुणा सोनी ने बताया कि पिछले कई वर्षों से यह वर्ग बहनों को आत्मरक्षार्थ सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है, जहाँ रहने और खाने की उत्तम व्यवस्था के बीच उन्हें प्रशिक्षित किया जाता है।
ये रहीं उपस्थित
इस अवसर पर तरुणा सोनी, अर्चना सातपुते, चंद्रकला नागवंशी, मंजू बाथरी और रुक्मिणी मेहरा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और विहिप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पत्रकार कुणाल पासवान

