नर्मदापुरम: जनगणना कार्य का प्रशिक्षण शुरू, जिला प्रभारी आयुषी यादव ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा I
नर्मदापुरम: राष्ट्रीय जनगणना कार्य के अंतर्गत शुक्रवार को प्रथम दिवस के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रभारी आयुषी यादव ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से सीधा संवाद किया।
राष्ट्रीय कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी आयुषी यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील राष्ट्रीय कार्य है। उन्होंने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को इसे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने की हिदायत दी। साथ ही, उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन की देखरेख में कार्य जारी
नपा के कार्यालय अधीक्षक एवं अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी योगेश सोनी ने जानकारी दी कि यह पूरा कार्य नपाध्यक्ष नीतू यादव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी हेमेश्वरी पटले के कुशल निर्देशन में संपादित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को तकनीकी बारीकियों और डेटा संग्रहण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सभी उपस्थित प्रगणकों और सुपरवाइजरों ने कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।
आज का विचार: “अनुशासन और समयबद्धता ही किसी भी बड़े लक्ष्य या ,
राष्ट्रीय जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक पूरा करने की पहली शर्त है।”
पत्रकार कुणाल पासवान (इटारसी)

