इटारसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: IPL सट्टा खिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार I
कुल 14.22 लाख रुपये का मशरूका जप्त; गूगल क्रोम की साइट के जरिए चल रहा था संगठित सट्टा
इटारसी: नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इटारसी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना इटारसी पुलिस ने नाला मोहल्ला क्षेत्र में दबिश देकर आईपीएल सट्टे के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 4 युवकों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से कुल 14,22,000/- रुपये की सट्टा सामग्री एवं बैंक बैलेंस जप्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर एसडीएम से लिया सर्च वारंट
12 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला को मुखबिर से सूचना मिली कि नाला मोहल्ला स्थित अंकित अजनेरिया के मकान में बड़े स्तर पर आईपीएल सट्टे का संचालन हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीएम इटारसी से सर्च वारंट जारी कराया गया और पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी।
गिरफ्तार आरोपी और कार्यप्रणाली
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया:
-
अंकित अजनेरिया (पिता शेर सिंह), निवासी नाला मोहल्ला।
-
पंकज अजनेरिया (पिता शेर सिंह), निवासी नाला मोहल्ला।
-
दीपक जूनानिया (पिता द्वारका प्रसाद), निवासी मेहरा गांव।
-
रोहित सक्सेना (पिता दीपक), निवासी नाला मोहल्ला।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अंकित अजनेरिया ने खुलासा किया कि वह गूगल क्रोम पर ‘b2e het login’ साइट के माध्यम से आईडी प्राप्त कर लोगों को हार-जीत का दांव लगवाता था।
जप्त की गई सामग्री (कुल कीमत: 14.22 लाख रुपये)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हाई-टेक सट्टा उपकरण बरामद किए हैं:
-
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: 25 नग विभिन्न कंपनियों के मोबाइल, 02 लैपटॉप, 01 टैबलेट, एक वाई-फाई कनेक्शन और एक प्रोजेक्टर।
-
वाहन: एक स्कूटी गाड़ी।
-
वित्तीय दस्तावेज: 06 विभिन्न बैंकों की पासबुक और 05 एटीएम कार्ड।
-
बैंक होल्ड: पासबुक में जमा 5,89,000/- रुपये की राशि को पुलिस ने तत्काल होल्ड करवाया है।
-
उपकरणों और वाहन की कुल कीमत 8,33,000/- रुपये आंकी गई है।
कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 324/26, धारा 4 (क) सट्टा एक्ट एवं 112(1) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और उनसे जुड़े संपर्कों की तलाश में जुटी है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, उनि० सुरेश चौहान, सउनि रीना खरे, प्रधान आरक्षक उपेन्द्र दुबे, आरक्षक महेंद्र गुर्जर, अंकित, नरेंद्र राजपूत, अनिल पाल, राजेश पवार, गुलशन सोनी और महिला आरक्षक पूनम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

