भगत सिंह नगर में गूंजा ‘जय भीम’ का नारा: अहिरवार समाज ने हर्षोल्लास के साथ मनाई बाबा साहब की जयंती l
इटारसी: संविधान निर्माता और भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर स्थानीय भगत सिंह नगर में अहिरवार समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और मिष्ठान वितरण के साथ हुई।
चित्र नहीं, चरित्र को अपनाएं: विनोद लोंगरे
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अहिरवार समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री विनोद लोंगरे ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमें जो भी अधिकार और हक मिले हैं, वे बाबा साहब के कड़े संघर्षों की देन हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “हमें बाबा साहब के केवल चित्र की पूजा नहीं करनी है, बल्कि उनके चरित्र को अपने जीवन में उतारना है और उनके बताए मार्ग पर चलना है।”
संविधान की शपथ और शिक्षा पर जोर
कार्यक्रम के दौरान श्री प्रहलाद निकम द्वारा बुद्ध वंदना कराई गई। समाजसेवी श्री मनोज बामने ने बाबा साहब के शैक्षिक संघर्षों और जीवन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, श्री गोपाल मसूरे ने उपस्थित जनसमूह को संविधान की प्रस्तावना (Preamble) का वाचन कराकर संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
सामाजिक भागीदारी रही प्रमुख
इस गरिमामय आयोजन का कुशल संचालन रोहित अहिरवार द्वारा किया गया, जबकि अंत में श्री संजय मंडराई ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति:
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ओमप्रकाश साकले, धनश्याम सलोकी, रामभरोश अहिरवार, डॉ. भैयालाल साकले, मनोज मंडराई, मोहित मैना, मोहित खुराना, विजय राव, अरविंद चौहान, रोहित बेसकर, विकास अहिरवार, पप्पू साकले, मनोज तिलोटिया, निर्मला मंडराई, संगीता लोंगरे, राजकली सालोकी और राजवंती मसूरे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु और मातृशक्ति उपस्थित रही।
पत्रकार कुणाल पासवान

