इटारसी: सूरजगंज बस डिपो के पास चाकूबाजी, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत I
इटारसी। शहर के सूरजगंज क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुराने बस डिपो के सामने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस वारदात में गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजगंज निवासी भीमा अहिरवार पर बस डिपो के सामने अज्ञात हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल भीमा को तुरंत शासकीय अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई थी और डॉक्टर उसका उपचार कर रहे थे। हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गहरे जख्मों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण भीमा अहिरवार की मौत हो गई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। चाकूबाजी की यह वारदात किन कारणों से हुई और हमलावर कौन थे, फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
पत्रकार कुणाल पासवान

