नगरपालिका की बड़ी कार्यवाही: जनता मार्केट और बस स्टैंड सहित कई क्षेत्रों से हटाया अतिक्रमण I
इटारसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अवरोध मुक्त करने के उद्देश्य से आज नगरपालिका के अतिक्रमण दस्ते ने शहर के विभिन्न व्यस्ततम इलाकों में व्यापक कार्यवाही की। इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रखे गए सामान को जब्त कर रास्ता साफ कराया गया।
इन क्षेत्रों में चला प्रशासन का कार्यवाही
नगरपालिका की टीम ने सुबह से ही शहर के मुख्य व्यापारिक केंद्रों की घेराबंदी शुरू कर दी थी। कार्यवाही के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया:
-
जनता मार्केट एवं चावल लाइन: यहाँ दुकानों के बाहर सड़कों तक फैले सामान को हटवाया गया।
-
बस स्टैंड एरिया: बस स्टैंड के आसपास अवैध ठेलों और स्थायी-अस्थायी अतिक्रमण पर कार्यवाही की गई।
-
नीमवाड़ा: रिहाइशी और व्यापारिक मिश्रित क्षेत्र होने के कारण यहाँ भी टीम ने सख्ती दिखाई।
हुई तीखी बहस, समझाइश के बाद शांत हुए व्यापारी
कार्यवाही के दौरान कुछ स्थानों पर माहौल गर्मा गया। जनता मार्केट और अन्य क्षेत्रों में एक-दो दुकानदारों ने टीम की कार्यवाही का विरोध करते हुए तीखी बहस की। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने नियमानुसार कार्यवाही का हवाला देते हुए दुकानदारों को समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ और दल ने अपना काम जारी रखा।
व्यापारियों से सहयोग की अपील
नगरपालिका प्रशासन ने इस कार्यवाही के माध्यम से सभी नागरिकों और व्यापारियों को सख्त संदेश दिया है। प्रशासन ने अपील की है कि:
-
सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर अपना सामान न फैलाएं।
-
निर्धारित नियमों का पालन कर शहर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
-
भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्ती के साथ-साथ दंडात्मक कार्यवाही भी की जाएगी।
पत्रकार कुणाल पासवान

