नर्मदापुरम: सावलखेड़ा के पास चलती एंबुलेंस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे सवार
नर्मदापुरम: नर्मदापुरम से सिवनी बानापुरा मार्ग पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती हुई एंबुलेंस अचानक आग का गोला बन गई। यह घटना सावलखेड़ा के पास घटित हुई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस नर्मदापुरम से सिवनी बानापुरा की ओर जा रही थी। सावलखेड़ा क्षेत्र से गुजरते समय अचानक चालक को एंबुलेंस के अगले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। आग की लपटों को देखते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और उसमें सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी एंबुलेंस जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। समय रहते सतर्कता बरतने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।
— पत्रकार कुणाल पासवान (इटारसी)

