सड़क 50 फीट का, सड़क 5 फीट की: इटारसी के अग्रवाल भवन के पास अतिक्रमण का बोलबाला I
इटारसी। शहर के हृदय स्थल और व्यस्ततम क्षेत्रों में शुमार अग्रवाल भवन के समीप इन दिनों अतिक्रमण ने विकराल रूप ले लिया है। आलम यह है कि जो सड़क कागजों में 50 से 60 फीट चौड़ी है, वह धरातल पर महज 5 से 10 फीट की संकरी गली बनकर रह गई है। स्थानीय दुकानदारों और ठेले वालों की मनमानी के कारण यहाँ से पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।
नपा के ‘अतिक्रमण दस्ते’ पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि जब मौके पर मौजूद ठेले वालों से इस संबंध में पूछताछ की गई, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। ठेले वालों का कहना है कि यहाँ नगर पालिका का अतिक्रमण दस्ता कभी आता ही नहीं है। यह नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है कि शहर के इतने मुख्य मार्ग पर आखिर किस के संरक्षण में यह अतिक्रमण फल-फूल रहा है?
अराजकता का केंद्र बना क्षेत्र
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि:
-
ठेले वाले अपनी मर्जी से सड़क के बीचों-बीच दुकान लगा लेते हैं।
-
50 फीट चौड़ी सड़क अतिक्रमण के कारण सिमट कर रह गई है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
-
नगर पालिका द्वारा कोई ठोस निर्णय न लिए जाने से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।
यह कैसी विडंबना है कि एक तरफ शहर को व्यवस्थित करने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारियों की नाक के नीचे सड़कों का दम घोंटा जा रहा है। क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर इस अव्यवस्था को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है?
“व्यवस्था तब तक नहीं सुधरती, जब तक जिम्मेदार अपनी ,
जवाबदेही को अपनी जिम्मेदारी न समझ लें।”
पत्रकार कुणाल पासवान इटारसी

