इटारसी: ग्राम मरोड़ा के कुएं में मिला 8 फीट लंबा ‘घोड़ा पछाड़’ सांप, कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू
इटारसी। समीपस्थ ग्राम मरोड़ा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक खेत के कुएं में एक विशालकाय सर्प देखा गया। यह घटना तब प्रकाश में आई जब क्षेत्र के किसान कृष्ण यदुवंशी अपने खेत पर पंप चालू करने गए थे। कुएं में विशाल सर्प को देख खेत में काम कर रहे मजदूरों में घबराहट फैल गई।
तीन दिनों तक चला असमंजस
ग्रामीणों ने लगातार तीन दिनों तक सर्प को कुएं से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन गहराई और सर्प के विशाल आकार के कारण वे असमर्थ रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां मौजूद मनोज कुमार ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी।
वन विभाग की टीम ने किया सफल रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री अभिषेक शर्मा के निर्देशन में विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुँची। सर्प विशेषज्ञ अभिजीत यादव, सर्पमित्र हर्ष प्रजापति, पवन चौहान और अमन प्रजापति ने कुएं में उतरकर कड़ी मशक्कत की। अंततः टीम ने करीब 8 फीट लंबे सर्प को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। विशेषज्ञों के अनुसार, यह ‘इंडियन रैट स्नेक’ (Indian Rat Snake) था, जिसे बोलचाल की भाषा में ‘घोड़ा पछाड़’ कहा जाता है। यह प्रजाति विषहीन होती है।
इलाज के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़ा
कुएं में गिरने के कारण सर्प को कुछ चोटें आई थीं। वन विभाग की टीम द्वारा तत्काल उसे पुरानी इटारसी स्थित पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ उसका उपचार किया गया। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद सर्प को वन परिक्षेत्र के सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की है।
कुणाल की कलम से
“प्रकृति और वन्यजीवों का संरक्षण ही ,
मानव जीवन की सुरक्षा का आधार है।”
पत्रकार कुणाल पासवान इटारसी

