|| जनपक्षीय समाचार ||
शीर्षक: एक्शन मोड में नपा अध्यक्ष: वार्डों में पहुंचकर सुनी जनसमस्याएं; खाली प्लॉट पर गंदगी करने वालों को थमाया जाएगा नोटिस
इटारसी। शहर के विभिन्न वार्डों में गहराते जल संकट और सफाई व्यवस्था की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे शनिवार को खुद मैदान में उतरे। नागरिकों के बुलावे पर उन्होंने वार्ड 03 और वार्ड 33 का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि खाली प्लॉटों पर गंदगी फैलाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्हें लीगल नोटिस जारी कर बाउंड्रीवॉल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
वार्ड 33: राठी कॉलोनी में प्रेशर मेंटेन करने के निर्देश राठी कॉलोनी में गिरते भू-जल स्तर के कारण बोरिंग जवाब दे रहे हैं, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। नपा अध्यक्ष ने तकनीकी टीम के साथ निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि प्रभावित पॉइंट्स पर नए ‘वाल्व’ लगाए जाएं। इससे पाइपलाइन में पानी का प्रेशर बढ़ेगा और अंतिम छोर पर स्थित घरों तक भी पर्याप्त पानी पहुंच सकेगा।
वार्ड 03: हाउसिंग बोर्ड की समस्या का होगा स्थायी समाधान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शनि मंदिर के पीछे लंबे समय से पाइपलाइन लीकेज और कम दबाव की समस्या बनी हुई थी। क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद के बाद नपा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस लाइन को सीधे पानी की टंकी से जोड़ा जाए। इस बदलाव से लीकेज की समस्या खत्म होगी और निवासियों को भरपूर पानी मिलेगा।
सफाई पर सख्त तेवर: प्लॉट मालिकों पर गिरेगी गाज निरीक्षण के दौरान हाउसिंग बोर्ड में खाली पड़े प्लॉटों पर कचरे के ढेर देख अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वच्छता प्रभारी को तत्काल निर्देशित किया कि संबंधित प्लॉट मालिकों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी करें। साथ ही, गंदगी रोकने के लिए अनिवार्य रूप से बाउंड्रीवॉल निर्माण के निर्देश दिए।
मौके पर मौजूद रहे जन-प्रतिनिधि निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि रमेश धूरिया, पार्षद नारायण सिंह ठाकुर, एल्डरमैन अतुल शुक्ला, आशीष कुमार मालवीय, जल प्रभारी संजय दुबे सहित नगर पालिका का तकनीकी अमला मौजूद रहे।
कुणाल की कलम (विचार और सुझाव)
-
सुझाव: शहर में बढ़ते जल संकट को देखते हुए नगर पालिका को पुराने बोरिंगों के पुनर्जीवन (Recharging) पर काम करना चाहिए। साथ ही, नागरिकों को भी वर्षा जल संचयन (Water Harvesting) के लिए प्रेरित करना समय की मांग है।
-
आज का विचार: “नेतृत्व वही है जो समस्याओं को केवल फाइलों में नहीं, बल्कि धरातल पर उतरकर सुलझाए।”
– पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी

