नर्मदापुरम पुलिस की बड़ी कामयाबी: सोहागपुर में थार गाड़ी से 5.50 लाख की चोरी करने वाली महिला राजगढ़ से गिरफ्तार I
सोहागपुर/नर्मदापुरम: नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में बैंक के बाहर खड़ी थार गाड़ी से दिनदहाड़े 5 लाख 50 हजार रुपये की सनसनीखेज चोरी करने वाली आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत राशि बरामद करने में सफलता हासिल की है।
क्या था पूरा मामला?
सेमरी हरचंद निवासी अनाज व्यापारी पराग शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके अकाउंटेंट और परिचित रजिस्ट्री के कार्य हेतु थार गाड़ी से सोहागपुर आए थे। भारतीय स्टेट बैंक से 5,50,000 रुपये निकालकर जब वे केनरा बैंक पहुंचे और गाड़ी खड़ी कर अंदर गए, तभी किसी अज्ञात महिला ने गाड़ी में रखा रुपयों से भरा बैग पार कर दिया।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सांईं कृष्णा एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी संजू चौहान के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया।
सघन जांच के दौरान सुराग मिला कि घटना को राजगढ़ जिले के ग्राम कड़िया सांसी (थाना बोड़ा) की निवासी सुधा उर्फ सुगना पति अजब सिंह ने अंजाम दिया है। सोहागपुर पुलिस की टीम ने तत्काल राजगढ़ में दबिश देकर महिला को हिरासत में लिया और उसके पास से चोरी किए गए पूरे 5,50,000 रुपये बरामद कर लिए।
पुलिस टीम की सराहना
इस त्वरित कार्रवाई में सोहागपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल रायकवार, उपनिरीक्षक राहुल पटेल, सउनि मनोज राजपूत सहित आरक्षक विनोद नागर, मंजूलता परते, मनोहर दायमा, राजकुमार यादव, विवेक सोनपुरे और सुनील ओझा की सराहनीय भूमिका रही।
सावधानी की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बैंक से बड़ी राशि निकालते समय विशेष सावधानी बरतें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाएं ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पत्रकार कुणाल पासवान इटारसी
कुणाल की कलम से
“अपराध चाहे कितनी भी चतुराई से किया जाए, कानून के हाथ और पुलिस की तत्परता हमेशा उस तक पहुँच ही जाती है। सतर्कता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।”

