क्रूरता की हदें पार: हरदा-खंडवा रेलखंड पर पटरियों से बांधकर 5 गायों की निर्मम हत्या, ग्रामीणों में भारी आक्रोश I
हरदा/खंडवा: हरदा-खंडवा रेलखंड के बीच मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद अमानवीय घटना सामने आई है। छिदगांव मेल स्थित गजलेश्वर मंदिर से चोरी की गई पांच गायों को रेलवे ट्रैक पर रस्सियों से बांधकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस क्रूर कृत्य के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और नाराजगी का माहौल है।
साजिश के तहत ट्रैक पर बांधी गई गाएं
स्थानीय ग्रामीणों और गौ सेवकों से मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गजलेश्वर मंदिर परिसर से पांच गायों को चोरी किया। इसके बाद इन गायों को रेलवे लाइन पर ले जाकर मजबूत रस्सियों से पटरियों के बीच बांध दिया गया। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से सभी पांचों गायों के चीथड़े उड़ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हृदय विदारक बात यह है कि मृत गायों में से एक गाय गर्भवती थी।
हत्या की आशंका: मौके पर मिलीं रस्सियां
घटनास्थल पर पटरियों पर अलग-अलग जगह रस्सियां बंधी हुई मिली हैं, जो इस बात का पुख्ता सबूत हैं कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर रची गई एक खौफनाक साजिश थी। रेल सुरक्षा को खतरे में डालते हुए की गई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों और गौ सेवकों में उबाल
इस नृशंस घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गौ सेवक मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों में इस अमानवीय कृत्य को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह केवल चोरी नहीं बल्कि गौ हत्या की एक सोची-समझी साजिश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
पत्रकार कुणाल पासवान इटारसी
कुणाल की कलम से
“बेजुबान जानवरों के साथ ऐसी क्रूरता समाज के गिरते मानसिक स्तर को दर्शाती है।
दोषियों को सजा मिलना न केवल न्याय है, बल्कि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी भी है।”

