सांगाखेड़ा खुर्द में ‘रेवा सेवा समागम’ का भव्य आगाज: श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश I
माखन नगर (नर्मदापुरम)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकास खंड माखन नगर के ग्राम सांगाखेड़ा खुर्द में ‘रेवा सेवा समागम’ पखवाड़े का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम सेक्टर 5 की नवांकुर संस्था, साथी सामाजिक सेवा समिति और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सांगाखेड़ा खुर्द के संयुक्त प्रयासों से आयोजित हुआ।
जिला समन्वयक पवन सहगल एवं विकास खंड समन्वयक नरेंद्र देशमुख के मार्गदर्शन में आयोजित इस समागम की शुरुआत सामूहिक श्रमदान से हुई। नवांकुर संस्था और प्रस्फुटन समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने मां रेवा के तट पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता की सेवा की।
मां नर्मदा की आरती और अनुभूति
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में मां नर्मदा का विधि-विधान से पूजन और आरती की गई। आरती के पश्चात सभी उपस्थित जनों ने नर्मदा तट पर बैठकर ‘मां नर्मदा की अनुभूति’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहाँ शांति और आध्यात्मिकता का वातावरण निर्मित हुआ।
घाट चौपाल: जैविक खेती और जल संरक्षण पर चर्चा
समागम के दौरान आयोजित घाट चौपाल में परामर्शदाता राकेश कीर ने किसानों और ग्रामीणों को जैविक खेती के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार जैविक कृषि अपनाकर मां नर्मदा के जल स्तर और गुणवत्ता को बढ़ाया जा सकता है। वहीं, नवांकुर संस्था के नीरज चतुर्वेदी ने नर्मदा परिक्रमा वासियों की समस्याओं पर चर्चा की और उनके निवारण हेतु स्वेच्छा से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने जल जागरूकता और घाटों की निरंतर सफाई पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर गिरधारी लाल सिंह, करतार सिंह, बृजेश ठाकुर, अर्जुन सिंह, राहुल शुक्ला, इंदल, गोपाल मेहरा, सीता राम मालवीय, राजू सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की ओर से दिनेश राजपूत ने सभी का आभार व्यक्त किया।
आज का विचार: “नदियाँ केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता की जीवनरेखा हैं।
माँ नर्मदा की स्वच्छता और संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा सबसे बड़ा उपहार होगा।”
– पत्रकार कुणाल पासवान

