नर्मदापुरम SP का ‘स्पेशल ‘ आदेश: पुलिसकर्मियों को हर वक्त पहनना होगा हेलमेट, लापरवाही पर होगी ‘घोर’ कार्रवाई I
नर्मदापुरम। जिले में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए अब पुलिस विभाग ने “पहले स्वयं, फिर समाज” की नीति अपनाई है। नर्मदापुरम जिला पुलिस कप्तान (SP) डॉ. साई कृष्णा थोटा ने एक बेहद कड़ा और स्पष्ट आदेश जारी किया है, जिसके तहत जिले के सभी थानों में पदस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
नियमों में कोई ‘इफ-बट’ नहीं: हर हाल में पहनना होगा हेलमेट
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी इस फरमान की सबसे खास बात यह है कि हेलमेट पहनने की अनिवार्यता केवल ड्यूटी के समय तक सीमित नहीं है। आदेश में साफ तौर पर उल्लेख किया गया है कि पुलिस अधिकारी या कर्मचारी जब भी और जहाँ भी दोपहिया वाहन पर सवार होंगे, उन्हें अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाना होगा। यह आदेश वर्दी और बिना वर्दी (सिविल ड्रेस), दोनों ही स्थितियों में लागू रहेगा।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
एसपी डॉ. थोटा ने इस आदेश के साथ सख्त चेतावनी भी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जिले का कोई भी पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते पाया गया, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल ‘घोर अनुशासनात्मक कार्यवाही’ की जाएगी। कप्तान का यह रुख साफ करता है कि कानून का पालन कराने वालों को खुद भी कानून के दायरे में रहकर उदाहरण पेश करना होगा।
पुलिस बनेगी आम जनता के लिए रोल मॉडल
अक्सर देखा जाता है कि पुलिसकर्मियों द्वारा हेलमेट न लगाने पर आम जनता में आक्रोश पनपता है। इस आदेश के बाद अब नर्मदापुरम पुलिस सड़क पर एक आदर्श के रूप में नजर आएगी। पुलिस कप्तान का मानना है कि जब खाकी खुद नियमों का सम्मान करेगी, तभी आम नागरिक भी सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक और गंभीर होंगे।

आज का विचार: “अनुशासन की शुरुआत हमेशा स्वयं से होती है।
कानून का रक्षक जब स्वयं नियमों को आत्मसात करता है,
तभी समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण निर्मित होता है।”
– पत्रकार कुणाल पासवान

