इटारसी में चोरों के हौसले बुलंद: जयस्तंभ चौक से बाइक पार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात I
इटारसी। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके जयस्तंभ चौक पर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। बीती रात चोरों ने एक मोबाइल शॉप के सामने खड़ी मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया। शहर के मुख्य चौक से हुई इस चोरी के बाद व्यापारियों और नागरिकों में भय का माहौल है।
महज कुछ मिनटों में ले उड़े बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 30 अप्रैल की रात करीब 11:29 बजे की है। जयस्तंभ चौक स्थित मिहानी मोबाइल शॉप के बाहर हीरो कंपनी की एचएफ डीलक्स (सिल्वर कलर) पार्क की गई थी। चोर ने बड़ी सफाई से गाड़ी का लॉक तोड़ा और उसे लेकर रफूचक्कर हो गया। चोरी गई बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर MP 05 MQ 2912 बताया जा रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
चोरी की यह पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि किस तरह आरोपी ने सूनेपन का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। वाहन मालिक ने घटना की लिखित शिकायत इटारसी सिटी थाने में दर्ज करा दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
मुख्य बाजार में बढ़ती सक्रियता बनी चिंता
जयस्तंभ चौक जैसे व्यस्त इलाके में रात के समय इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में मोटर साइकिल चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जो लगातार वाहनों को निशाना बना रहा है।
आज का विचार: “सतर्कता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है।
आपकी सजगता और आधुनिक तकनीक (CCTV) ही अपराधियों के ,
इरादों को नाकाम करने में सबसे बड़ा हथियार साबित हो सकती है।”
– पत्रकार कुणाल पासवान

