ऑपरेशन अमानत: आरपीएफ इटारसी की सूझबूझ से मिला यात्री का ₹1.50 लाख का खोया सोने का मंगलसूत्र, सुरक्षित लौटाया
इटारसी। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट इटारसी ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत एक बार फिर अपनी कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। आरपीएफ के सतर्क जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन में छूटा डेढ़ लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र तलाश कर सकुशल उसके असली मालिक को सौंप दिया।
रेल मदद पोर्टल पर मिली थी शिकायत: प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता श्री मनोज कुमार, निवासी भिलाई (छत्तीसगढ़) ने ‘रेल मदद’ पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वे गाड़ी संख्या 18237 से दुर्ग से मुलताई की यात्रा कर रहे थे। इस दौरान उनकी पत्नी का लगभग ₹1,50,000/- कीमत का सोने का मंगलसूत्र सीट क्रमांक 60 के आसपास कहीं गिरकर गुम हो गया है।
बेडशीट की गठरी में तलाश कर खोज निकाला मंगलसूत्र: शिकायत मिलते ही इटारसी जंक्शन पर ट्रेन के आगमन पर ड्यूटी पर तैनात आरक्षक श्री मोहनलाल सैनी ने त्वरित एक्शन लिया और तुरंत संबंधित कोच में पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती तलाशी में जब मंगलसूत्र नहीं मिला, तो उन्होंने कोच अटेंडेंट से बेडरोल के बारे में पूछताछ की। अटेंडेंट ने बताया कि उस सीट की बेडशीटें समेटकर गठरी में बांध दी गई हैं।
आरक्षक श्री मोहनलाल सैनी ने बिना देर किए बेडशीटों की गठरी खुलवाकर उसकी बारीकी से तलाशी ली। उनकी इस सूझबूझ से सोने का मंगलसूत्र एक बेडशीट में फंसा हुआ सुरक्षित मिल गया। इसके बाद मंगलसूत्र को आरपीएफ पोस्ट इटारसी लाया गया और यात्री को इसकी सूचना दी गई।
पहचान तस्दीक कर यात्री को सौंपा गया सामान: सूचना मिलते ही शिकायतकर्ता श्री मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ आरपीएफ पोस्ट इटारसी पहुंचे। सहायक उप निरीक्षक श्री प्रकाश बिल्लौरे ने सभी आवश्यक तस्दीक और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कीमती सोने का मंगलसूत्र उनकी पत्नी को सहर्ष और सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।
आरपीएफ इटारसी के जवानों की इस तत्परता, सूक्ष्म निरीक्षण और इमानदार प्रयासों से यात्री का खोया हुआ कीमती सामान वापस मिल गया, जिससे यात्रियों में रेलवे सुरक्षा बल के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है। आरपीएफ भोपाल मंडल यात्रियों की सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर व प्रतिबद्ध है।
रेलवे सुरक्षा बल – आपकी सुरक्षा, हमारी प्रतिबद्धता।
आज का विचार:
“ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता ही वह ताकत है जो समाज में भरोसे की नींव को मजबूत करती है; दूसरों के चेहरे पर खुशी लाना ही सबसे बड़ी सेवा है।”
पत्रकार कुणाल पासवान

