टीकमगढ़। छोटे शहरों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गरीब मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद जिला चिकित्सालय में विशाल निःशुल्क कैंसर परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पूर्व मंत्री राहुल सिंह लोधी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता सिंह लोधी के विशेष प्रयासों से जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, भोपाल के वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
शिविर में जिलेभर से पहुंचे मरीजों ने कैंसर जांच, विशेषज्ञ परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 248 लोगों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिनमें से 23 मरीज कैंसर पीड़ित पाए गए। चिन्हित मरीजों को आगे के उपचार एवं परामर्श के लिए विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
भोपाल से पहुंचे वरिष्ठ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. विजय भार्गव, वरिष्ठ सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. नीलू मेहरोत्रा, डॉ. कुमारी नूतन सहित विशेषज्ञ टीम ने मरीजों की जांच कर कैंसर के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, एसपी मनोहर मंडलोई, सीएमएचओ डॉ. ओपी अनुरागी, राकेश गिरी, दीपक मिश्रा, अजय प्रजापति, जितेंद्र प्रजापति सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को यह संदेश भी दिया गया कि कैंसर का समय पर पता लगने पर उसका इलाज संभव है। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में मरीजों ने इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

