टीकमगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदतन एवं गंभीर आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे अपराधी, जिनके विरुद्ध पूर्व में गंभीर अपराध दर्ज हैं और भविष्य में कानून व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका है, उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
चिन्हित अपराधियों की जानकारी संकलित कर जिला बदर की कार्यवाही हेतु प्रस्ताव तैयार किए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा इन मामलों में कलेक्टर को सिफारिश भेजी गई, जिसके परिणामस्वरूप वर्ष 2026 में अब तक 13 अपराधियों को जिला बदर किया जा चुका है।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा इन आदेशों का विधिवत पालन कराते हुए आरोपियों को जिले की सीमा से बाहर किया जा रहा है। साथ ही अन्य जिलों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी लगातार निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में भी 21 अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस द्वारा लगातार ऐसे अपराधियों की पहचान और कार्रवाई जारी रखी जा रही है, जिससे जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।

