टीकमगढ़। एक दिवसीय टीकमगढ़ प्रवास के दौरान प्रदेश की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने 06 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के साथ थाना देहात का भ्रमण कर पुलिस व्यवस्थाओं, जनसुविधाओं एवं नवाचारों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझते हुए जनसेवा के प्रति पुलिस विभाग के समर्पण की सराहना की।
थाना परिसर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने थाना परिसर, एचसीएम कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, आवेदकों के बैठने की व्यवस्था, शीतल पेयजल सुविधा, शिकायत सुनवाई एवं निराकरण प्रक्रिया तथा हवालात का अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक व्यवस्था की बारीकी से जानकारी लेते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
साइबर हेल्प डेस्क को बताया प्रभावी पहल
थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक की नवाचारी पहल के अंतर्गत स्थापित “साइबर हेल्प डेस्क” का भी निरीक्षण किया गया। यहां साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था आमजन को शीघ्र राहत प्रदान करने में बेहद प्रभावी है तथा इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जाना चाहिए।
महिला ऊर्जा डेस्क की कार्यप्रणाली सराही
प्रभारी मंत्री ने थाना परिसर में संचालित महिला ऊर्जा डेस्क का निरीक्षण कर महिलाओं की शिकायतों के संवेदनशील एवं प्राथमिकता आधारित निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
पुलिस स्टाफ का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने थाना देहात के पुलिस स्टाफ से संवाद कर उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कलेक्टर विवेक श्रोतीय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता सिंह, पूर्व विधायक राकेश गिरी, महेश यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक सहित जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवेदनशील और जनकेंद्रित पुलिसिंग की मिसाल
यह निरीक्षण पुलिस कार्यप्रणाली की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साथ ही यह संवेदनशील, पारदर्शी एवं जनकेंद्रित पुलिसिंग के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

