टीकमगढ़। जिले में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में मंगलवार 06 मई 2026 को थाना देहात परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पौधारोपण कर हरित भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।
“पौधारोपण केवल अभियान नहीं, जिम्मेदारी का प्रतीक” — प्रभारी मंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, जीवन और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से व्यापक जनआंदोलन बनाने की अपील की।
पुलिस विभाग कर रहा हरित वातावरण निर्माण की पहल
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने बताया कि जिले में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस लाइन परिसर में पहले से ही लगभग 10 हजार पौधों का रोपण एवं संरक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सभी थाना एवं चौकी परिसरों में भी लगातार वृक्षारोपण कर हरित वातावरण तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अपशिष्ट जल से हो रही पौधों की सिंचाई
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पौधों के संरक्षण के लिए नवाचार अपनाए गए हैं। पुलिस आवासीय परिसरों से निकलने वाले अपशिष्ट जल का शोधन कर उसे पौधों की सिंचाई में उपयोग किया जा रहा है। इससे जल संरक्षण के साथ पौधों की नियमित देखरेख भी सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी एवं प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पौधों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उनका संरक्षण प्रभावी ढंग से किया जा सके।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी किया पौधारोपण
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता सिंह, पूर्व विधायक राकेश गिरी, महेश यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक, थाना प्रभारी यातायात सूबेदार आर्या पाराशर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर अभियान को मजबूत बनाने में सहभागिता निभाई।
पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश
यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम है, बल्कि समाज में जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और जनसहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित करती है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

