सावधान: प्लॉट खरीदने से पहले देख लें यह लिस्ट, नर्मदापुरम प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों की सूची की सार्वजनिक I
नर्मदापुरम। अवैध कॉलोनाइजरों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवाने वाले आम नागरिकों को बचाने के लिए जिला प्रशासन अब बेहद सख्त रुख अपना रहा है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के कड़े निर्देशों के बाद, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में ऐसी अवैध कॉलोनियों की सूची चस्पा कर दी गई है, जिनके पास वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं है।
धोखाधड़ी से बचाने की कवायद
अक्सर देखा जाता है कि आकर्षक विज्ञापनों और कम कीमतों के झांसे में आकर लोग उन कॉलोनियों में निवेश कर देते हैं, जो प्रशासन के रिकॉर्ड में अवैध होती हैं। बाद में वहां बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए नागरिकों को भटकना पड़ता है। इसी समस्या को रोकने के लिए एसडीएम जय सोलंकी ने कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर सूची सार्वजनिक करवाई है।
एसडीएम की जनता से अपील
एसडीएम जय सोलंकी ने नागरिकों से अपील की है कि:
-
किसी भी भूमि या प्लॉट का सौदा करने से पहले एसडीएम कार्यालय पहुंचकर चस्पा की गई सूची का मिलान जरूर करें।
-
कॉलोनाइजर से रेरा (RERA) रजिस्ट्रेशन और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNCP) की अनुमति के दस्तावेज जरूर मांगें।
-
जानकारी के अभाव में किसी भी विवादित या अवैध स्थल पर निवेश न करें।
प्रशासन की इस सक्रियता से उन भू-माफियाओं और कॉलोनाइजरों में हड़कंप है, जो बिना अनुमति के कृषि भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कर रहे थे।

॥ आज का विचार ॥
“सतर्कता ही सुरक्षा है; जागरूक नागरिक बनकर न केवल ,
आप अपनी पूंजी बचाते हैं, बल्कि एक व्यवस्थित शहर के निर्माण में भी सहयोग करते हैं।”
पत्रकार कुणाल पासवान

