पिपरिया: एसडीएम ने ग्राम सेमरीतला और धनाश्री में व्यवस्थाएं परखीं, जर्जर भवनों की मरम्मत के दिए निर्देश I
पिपरिया/नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को एसडीएम पिपरिया आकिप खान ने ग्राम सेमरीतला एवं धनाश्री का सघन दौरा किया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा
एसडीएम श्री खान ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता जांची। उन्होंने सेमरीतला में क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी भवन और धनाश्री में स्वास्थ्य केंद्र की छत की मरम्मत के लिए संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश दिए। स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाओं के स्टॉक और स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली।
उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं पर जोर
गेहूं उपार्जन केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को अनाज तुलाई में कोई असुविधा न हो। केंद्रों पर पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही अनाज की गुणवत्तापूर्ण खरीदी के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
ग्रामीणों से सीधा संवाद
ग्राम पंचायत भवन में आयोजित चर्चा के दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने राजस्व, पंचायत और विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को पाबंद किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

॥ आज का विचार ॥
“प्रशासन जब जनता के द्वार तक पहुँचता है, तब न केवल समस्याओं ,
का समाधान होता है बल्कि लोकतंत्र की जड़ें भी मजबूत होती हैं।”
पत्रकार कुणाल पासवान

