टीकमगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में 21 मई से 30 मई 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय पुलिस टीमों द्वारा सुनियोजित रणनीति के साथ लगातार कार्रवाई की गई।
मुखबिर तंत्र को किया गया मजबूत, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक मंडलोई ने सभी थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के निर्देश दिए थे, ताकि अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इसके लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने समन्वित प्रयासों से अवैध कारोबारों पर प्रभावी अंकुश लगाया।
जुआ फड़ों पर चला पुलिस का बड़ा अभियान
विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में जुआ गतिविधियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 60 प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान 199 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 1 लाख 61 हजार 345 रुपये नगद मशरूका जप्त किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सट्टा कारोबार पर भी कसी नकेल
सट्टा गतिविधियों के खिलाफ भी पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए 31 प्रकरण दर्ज किए। इस दौरान 31 आरोपियों पर कार्रवाई कर उनके कब्जे से 25 हजार 54 रुपये नगद एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए। पुलिस द्वारा सभी मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं सख्त कार्रवाई जारी रखें।
टीकमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध इसी प्रकार प्रभावी अभियान लगातार जारी रहेगा।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

