टीकमगढ़। माननीय सुप्रीम कोर्ट, भारत सरकार, मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय की मंशानुरूप सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस द्वारा 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक जिलेभर में व्यापक हेलमेट जागरूकता अभियान संचालित किया गया। यह अभियान केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित न रहकर आमजन के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व बनकर सामने आया।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी स्तर पर पुलिस टीमों द्वारा लगातार जनसंवाद स्थापित कर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान नागरिकों को समझाइश दी गई कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली चोटें सबसे अधिक घातक होती हैं तथा हेलमेट ही जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है।
अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिला मुख्यालय एवं थाना बड़गांव क्षेत्र में 50 हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले 35 वाहन चालकों को प्रोत्साहन स्वरूप वाटर बॉटल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं माननीय प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर एवं पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई द्वारा थाना देहात क्षेत्र में 20 हेलमेट वितरित किए गए तथा हेलमेट धारण कर वाहन चलाने वाले 15 वाहन चालकों को वाटर बॉटल प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
इस प्रकार पूरे अभियान के दौरान कुल 70 हेलमेट वितरित कर वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित किया गया तथा भविष्य में नियमित रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशानुसार जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा मुख्य सड़कों, बॉर्डर रोड एवं प्रमुख चौराहों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करते हुए जिलेभर में कुल 514 चालान बनाए गए तथा ₹1,54,200 समन शुल्क वसूला गया। इनमें थाना यातायात द्वारा 126 चालान कर ₹37,800 समन शुल्क वसूला गया।
अभियान को जनजागरूकता का व्यापक स्वरूप देते हुए स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों, खेल मैदानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल, शिविर एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं आमजन को हेलमेट की उपयोगिता तथा इसके अभाव में होने वाले गंभीर परिणामों से अवगत कराया गया।
यातायात पुलिस टीम द्वारा स्कूल एवं कॉलेजों में विशेष कार्यशालाएं आयोजित कर हेलमेट उपयोग के फायदे एवं लापरवाही से होने वाले नुकसान पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम किए गए। साथ ही डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा का संदेश प्रसारित किया गया।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा हेलमेट जागरूकता संबंधी एडवाइजरी एवं वीडियो सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से जारी कर नागरिकों से सुरक्षित यातायात नियमों के पालन की अपील की गई।
टीकमगढ़ पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि हेलमेट को केवल चालान से बचने का साधन न समझें, बल्कि अपने और अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी मानते हुए हर यात्रा में हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

