टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोतिय के निर्देशानुसार मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया द्वारा सोमवार को स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के अंतर्गत नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 02 पुरानी टेहरी मोहल्ला में नालियों की विशेष सफाई कराई गई। साथ ही पानी की टंकी के पास ऊपरी सड़क एवं पुल के आसपास सफाई कर तत्काल कचरा उठवाया गया। इसके अलावा राजेन्द्र पार्क की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 16 में डॉ. अशोक कुमार साहू की गली की नालियों की सफाई तथा पुराने बस स्टैंड स्थित डीपी के पास सफाई कार्य कराया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 11 बाहरकोट हरिजन बस्ती एवं मिश्रा चौराहा बी बाजार क्षेत्र में भी सफाई कराकर कचरे का तत्काल उठाव कराया गया।
भ्रमण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने वार्डवासियों की सफाई संबंधी समस्याएं सुनीं तथा आम नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर सफाई प्रभारी हवालदार राकेश बल्मीक सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।

