विद्युत विभाग का ‘संपर्क अभियान 2026’ कल से: मात्र 5 रुपये में मिलेगा नया बिजली कनेक्शन I
नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के मार्गदर्शन में आगामी 14 मई से पूरे जिले में विद्युत विभाग का विशेष “संपर्क अभियान 2026” शुरू होने जा रहा है। 25 मई तक चलने वाले इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू और कृषि पंपों के लिए मात्र 5 रुपये में नया बिजली कनेक्शन प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर ने दिए मुनादी और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पंचायतों में मुनादी कराई जाए और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी ये सुविधाएँ:
अभियान के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों में उपभोक्ताओं को निम्नलिखित समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा:
-
नए कनेक्शन: मात्र 5 रुपये में ग्रामीण घरेलू, कृषि पंप और बीपीएल परिवारों को कनेक्शन।
-
सुधार कार्य: बंद या खराब मीटर बदलना, सर्विस केबल सुधार और वोल्टेज संबंधी समस्याओं का निराकरण।
-
दस्तावेजी प्रक्रिया: भार वृद्धि (Load Extension), नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन और ई-केवाईसी (e-KYC)।
-
बिल भुगतान: बिजली बिलों का पूर्ण या आंशिक भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट और समाधान योजना का लाभ।
-
शिकायत निवारण: स्मार्ट मीटर और ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निपटारा।
सहायता के लिए यहाँ करें संपर्क
विद्युत विभाग ने अपील की है कि उपभोक्ता अपनी शिकायतों और योजनाओं की अधिक जानकारी के लिए नजदीकी बिजली वितरण केंद्र या टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
आज का विचार
“सेवा का वास्तविक आनंद तब मिलता है, जब वह किसी,
जरूरतमंद की समस्या का तत्काल समाधान बन जाए।
(पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी)

