टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले में कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से प्रतिदिन आरटी कॉल एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से थाना स्तर पर अपराधों, शिकायतों एवं पुलिस कार्यप्रणाली की सतत समीक्षा की जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों से नियमित संवाद कर अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा संबंधी कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है।
गंभीर अपराधों से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक हो रही नियमित समीक्षा
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना वार गंभीर अपराधों, महिला संबंधी अपराधों, लंबित शिकायतों, विवेचनाओं, फरार एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, साइबर अपराधों एवं जागरूकता अभियानों की नियमित समीक्षा की जा रही है। लगातार मॉनिटरिंग एवं प्रभावी दिशा-निर्देशन के परिणामस्वरूप जिला पुलिस को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
महिला अपराधों में 31 प्रतिशत और चोरी में 46 प्रतिशत की कमी
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों में 31 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, वहीं चोरी के मामलों में 46 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट आई है। पुलिस प्रशासन ने इसे प्रभावी निगरानी, त्वरित कार्रवाई एवं जनजागरूकता अभियानों का सकारात्मक परिणाम बताया है।
सीएम हेल्पलाइन और पासपोर्ट सत्यापन में प्रदेश में अव्वल
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के चलते जिला टीकमगढ़ ने प्रदेश स्तर पर 6 बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं पासपोर्ट सत्यापन एवं निराकरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला 5 बार प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर चुका है।
सीसीटीएनएस में प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान
सीसीटीएनएस कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप जिला टीकमगढ़ प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान पर पहुंचा है। पुलिस अधीक्षक के सतत मार्गदर्शन एवं बेहतर प्रबंधन को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार माना जा रहा है।
जिले के सभी 14 थाना बने ISO प्रमाणित
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व, दैनिक मॉनिटरिंग एवं कार्यप्रणाली में सुधार के परिणामस्वरूप जिले के सभी 14 पुलिस थाना अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं एवं कार्यशैली के कारण ISO प्रमाणित हो चुके हैं, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।
साइबर अपराधों में भी आई कमी
जिले में साइबर अपराधों एवं साइबर शिकायतों में 21 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियानों एवं प्रभावी कार्रवाई को इसका प्रमुख कारण बताया गया है।
जागरूकता अभियानों से मजबूत हुआ पुलिस-जनता संवाद
जिले में पुलिस द्वारा नवाचार के रूप में नशामुक्ति, ट्रैफिक नियमों, साइबर सुरक्षा एवं नवीन कानूनों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों से आमजन व्यापक रूप से लाभान्वित हो रहे हैं तथा पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता मजबूत हुई है।
थाना प्रभारियों को दिए विशेष निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण, महिला सुरक्षा, लंबित शिकायतों के समयबद्ध समाधान एवं जनता से बेहतर संवाद को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन समीक्षा बैठक में प्रतिदिन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटारे, एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहते हैं।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

