टीकमगढ़। जिले में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसरों को मजबूत आधार प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण ‘सहारा अभियान’ लगातार संचालित किया जा रहा है। यह अभियान आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को गरिमापूर्ण वैवाहिक जीवन की शुरुआत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल बनकर उभरा है।
इसी क्रम में 12 मई 2026 को थाना चंदेरा क्षेत्र अंतर्गत 21 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में थाना प्रभारी चंदेरा उप निरीक्षक रश्मि जैन, प्रधान आरक्षक बृजेश शर्मा, आरक्षक सुनील, योगेंद्र, विनोद पलिया, महिला आरक्षक रुचि जाटव, सुनीता चौहान एवं रोशनी सहित पुलिस बल और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
समाज और पुलिस के सहयोग से निभाई जा रही सामाजिक जिम्मेदारी
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जनसहयोग से अब तक 285 कन्याओं के विवाह सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं समाज के सहयोग से सभी नवविवाहित जोड़ों को उपयोगी उपहार भेंट कर उनके सुखद, सुरक्षित एवं सम्मानपूर्ण वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन सामाजिक सहभागिता, सहयोग एवं संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण का प्रेरक उदाहरण बना।
बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर एसपी का संदेश
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने अपने संदेश में कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक बेटी को सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि ‘सहारा अभियान’ केवल एक योजना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में आशा, सम्मान और आत्मविश्वास का संचार करने का सामूहिक प्रयास है।
उन्होंने समाज से आह्वान किया कि बेटियों के अधिकारों की रक्षा, बाल विवाह जैसी कुरीतियों के उन्मूलन तथा महिलाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाए।
महिला सुरक्षा अभियानों की दी जानकारी
कार्यक्रम में एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम द्वारा महिला सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित अभियानों—नीड, परी, भरोसा, सहारा, आसरा एवं मजनू अभियान—की जानकारी साझा करते हुए नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।
यह आयोजन सामाजिक समरसता, सहभागिता एवं मानवीय मूल्यों का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने यह संदेश दिया कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से हर बेटी के सम्मानजनक एवं सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

