टीकमगढ़। जिले में बच्चों की प्रतिभाओं को पहचान देने एवं उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई की नवाचारी पहल “प्रतिभा सम्मान अभियान” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के कुल 39 विद्यार्थियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे पर उत्साह, आत्मविश्वास एवं खुशी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
बच्चों से आत्मीय संवाद, सपनों को मिली नई प्रेरणा
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने विद्यार्थियों से आत्मीय एवं प्रेरणादायी संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य एवं सपनों के बारे में चर्चा की। उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एसपी मंडलोई ने कहा कि शिक्षा, संस्कार एवं आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी ताकत हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी खुलकर अपने विचार साझा किए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण बेहद आत्मीय एवं प्रेरणादायी बना रहा।
पुलिस व्यवस्था और अध्ययन सुविधाओं से कराया परिचय
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विद्यार्थियों को पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार, “मां की बगिया” एवं लर्निंग सेंटर का भ्रमण भी कराया गया। भ्रमण के दौरान बच्चों को पुलिस कार्यप्रणाली, संसाधनों एवं अध्ययन संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई, जिससे उनमें नई जिज्ञासा एवं सीखने की भावना विकसित हुई।
अब तक 601 से अधिक बच्चों को मिल चुका सम्मान
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई की पहल पर संचालित “प्रतिभा सम्मान अभियान” के तहत जिले में शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को लगातार सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 601 बच्चों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जा चुका है तथा यह प्रेरणादायी पहल निरंतर जारी है।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान एवं महिला प्रकोष्ठ से रानू विश्वकर्मा, कीर्ति बुंदेला एवं मानसी तिवारी उपस्थित रहीं।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

