टीकमगढ़। मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी विशेष अभियान के तहत टीकमगढ़ पुलिस ने वर्ष 2026 में बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार में संलिप्त आरोपियों पर शिकंजा कसा है।
पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन मिथिलेश शुक्ला एवं उप पुलिस महानिरीक्षक छतरपुर रेंज विजय खत्री के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण एवं अवैध खेती में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के विशेष निर्देश जारी किए गए थे।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के पर्यवेक्षण में जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष अभियान संचालित किया गया।
12 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के मादक पदार्थ जब्त
विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुनियोजित रेड कार्रवाई करते हुए कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा 02 आरोपियों से लगभग 445 किलो अफीम जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 47 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में 02 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
वहीं 10 आरोपियों के कब्जे एवं अवैध भंडारण स्थलों से लगभग 86 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार 232 रुपये बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त ठिकानों पर छिपाकर रखा जा रहा था मादक पदार्थ
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मादक पदार्थों को गुप्त स्थानों पर छिपाकर संग्रहित कर रहे थे तथा कुछ स्थानों पर अवैध रूप से खेती भी की जा रही थी। पुलिस के सक्रिय मुखबिर तंत्र एवं सतत निगरानी के चलते इन गतिविधियों का खुलासा संभव हो सका।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा विकसित मजबूत मुखबिर नेटवर्क एवं विशेष निगरानी व्यवस्था के माध्यम से जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। पुलिस की विशेष टीमें लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
एसपी मनोहर सिंह मंडलोई बोले — नशा मुक्त समाज हमारी प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि टीकमगढ़ पुलिस नशा मुक्त समाज एवं सुरक्षित जिले के निर्माण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी और अधिक सख्ती एवं तीव्रता के साथ जारी रहेगा।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

