टीकमगढ़। विश्व परिवार दिवस के अवसर पर 15 मई 2026 को पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पुलिस टीकमगढ़ एवं महिला थाना के संयुक्त प्रयासों से पारिवारिक विवादों के कारण अलग हो चुके 109 परिवारों को पुनः एक सूत्र में जोड़ने की उल्लेखनीय उपलब्धि साझा की गई।
13 दंपत्तियों ने फिर थामा एक-दूसरे का साथ
कार्यक्रम में उन परिवारों में से 13 दंपत्तियों ने सहभागिता की, जिन्होंने आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को माला पहनाई, मिठाई खिलाई और पुनः साथ जीवन व्यतीत करने का संकल्प लिया। इस भावुक पल के साक्षी बने अधिकारियों एवं परिजनों ने दंपत्तियों का उत्साहवर्धन किया।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने सभी दंपत्तियों को मिठाई खिलाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का माहौल भावनात्मक और आत्मीयता से भरपूर रहा।
“परिवार विश्वास और संवेदनाओं की सबसे मजबूत इकाई”
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने सभी को विश्व परिवार दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि परिवार केवल एक सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि विश्वास, संवाद, सम्मान और संवेदनाओं की सबसे मजबूत इकाई है।
उन्होंने दंपत्तियों को साथ रहने, एक-दूसरे की भावनाओं को समझने तथा पारिवारिक मूल्यों को सहेजने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती परिवारों की मजबूती से ही संभव है।
महिला थाना बना पारिवारिक विवाद समाधान का केंद्र
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीकमगढ़ पुलिस द्वारा नवाचार स्वरूप पारिवारिक विवादों एवं परिवार टूटने संबंधी शिकायतों के निराकरण हेतु महिला थाना को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
शिकायत प्राप्त होने पर दोनों पक्षों को बुलाकर 6 स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें संवेदनशील संवाद, आपसी समझ, पारिवारिक समन्वय एवं सामाजिक मूल्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस मानवीय पहल के सकारात्मक परिणामस्वरूप 109 परिवार पुनः साथ जुड़े और वर्तमान में सुखद एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
दहेज प्रताड़ना के मामलों में आई बड़ी कमी
टीकमगढ़ पुलिस की इस पहल के दूरगामी परिणाम भी सामने आए हैं। पारिवारिक समन्वय एवं समयबद्ध काउंसलिंग के कारण जिले में दहेज प्रताड़ना से संबंधित प्रकरणों में लगभग 54.12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत माना जा रहा है।
रिश्तों को सहेजने की प्रेरणादायी पहल
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई की यह पहल केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में रिश्तों की गरिमा, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास के रूप में देखी जा रही है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

