भगवान शनिदेव जन्मोत्सव पर सब्जी मंडी बना भक्तिमय, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु l
इटारसी। न्याय के देवता भगवान शनिदेव के पावन जन्मोत्सव पर शहर की सब्जी मंडी परिसर शनिवार शाम पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंग गया। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शनिदेव को विशेष भोग अर्पित कर भंडारे से की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इसके बाद “एक शाम शनिदेव के नाम” भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ। सर्वप्रथम भगवान गणेश, शनिदेव एवं मां दुर्गा की महाआरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। महाआरती में शनि मंदिर के मुख्य पुजारी महेश शर्मा, पूज्य पंचायत सिंधी समाज के पदाधिकारी एवं सदस्यगण सहित पवन शुक्ला, रविन्द्र गुप्ता एवं नटवर पटेल सपत्निक उपस्थित रहे।
सुमधुर भजनों पर झूम उठे भक्त
भजन संध्या में “माँ के बेटे जागरण समिति” के संचालक आलोक शुक्ला ने आकर्षक गणेश वंदना प्रस्तुत कर भक्तिमय माहौल बना दिया। इसके पश्चात शनिदेव, माता रानी एवं साईं बाबा के भजनों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।
भजन गायिका श्रीमती वीणा ठाकुर ने “है री सखी शनि जी”, “शनिदेव को मना लो तिल और तेल से”, “बम लहरी बम लहरी”, “जय जय बजरंगबली” एवं “आयो नजर मोहन मतवालो” जैसे लोकप्रिय भजनों की सुमधुर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तजन भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
इनका रहा सराहनीय सहयोग
कार्यक्रम में संगीत संगत देने वालों में पवन शुक्ला, गोलू राजपूत, महेंद्र कनक, विज्जु देवहारे, यशवंत पठारिया, दीपक कतिया, ब्रजेश, अनमोल सेन, जित्तू एवं सोहन ने अपनी सहभागिता दी। वहीं मोनू साउंड द्वारा उत्कृष्ट ध्वनि व्यवस्था की गई।
देर रात तक चली इस भजन संध्या में सब्जी मंडी के व्यापारीगण एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य पुजारी एवं समस्त सब्जी मंडी व्यापारियों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
आज का विचार:
“सच्ची भक्ति और निस्वार्थ सेवा से ही ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है। जब पूरा समाज मिलकर किसी धार्मिक कार्य में जुड़ता है, तो वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।”
पत्रकार कुणाल पासवान

