रेलवे ट्रैक पर घायल मिले युवक को डायल 112 ने पहुँचाया अस्पताल, एएसआई चतुर सिंह ने दिखाई तत्परता
इटारसी। शहर के मेहरागांव सी केबिन के पास रेलवे ट्रैक पर आज दोपहर एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। युवक दर्द से तड़प रहा था, जिसकी सूचना मिलते ही आरपीएफ और सिटी पुलिस की डायल 112 टीम तुरंत मौके पर पहुँची और तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचाई।
समय पर पहुँची डायल 112, एएसआई ने संभाला मोर्चा
जानकारी के अनुसार, दोपहर में सूचना मिली थी कि मेहरागांव सी केबिन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक अभिषेक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही सिटी पुलिस की डायल 112 वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ।
वाहन में तैनात पायलट के साथ एएसआई चतुर सिंह ने बिना वक्त गंवाए मौके पर मोर्चा संभाला। उन्होंने घायल युवक को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित उठाया और अत्यंत गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल इटारसी के शासकीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
आज का विचार:
“मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है। संकट के समय तत्परता से किसी की मदद करना और किसी का जीवन बचाना ही सबसे बड़ी सेवा है।”
: पत्रकार कुणाल पासवान

