टीकमगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के संदेश से प्रेरित होकर मंगलवार को टीकमगढ़ पुलिस द्वारा एक प्रेरणादायी पहल की गई। पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई स्वयं साइकिल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी साइकिल से कार्यालय पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।
इसके अलावा कार्यालयीन कार्य से आने वाले अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी साइकिल का उपयोग कर इस अभियान में सहभागिता निभाई। टीकमगढ़ पुलिस की इस पहल को आमजन द्वारा भी सराहना मिल रही है।
ईंधन बचत और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री लगातार पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर जनजागरूकता का संदेश दे रहे हैं। उसी क्रम में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि आमजन भी दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को अपनाने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने कहा कि साइकिल का उपयोग न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण एवं बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। वर्तमान समय में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास कर समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए।
आमजन से की साइकिल अपनाने की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक साइकिल एवं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने बताया कि टीकमगढ़ पुलिस द्वारा भविष्य में भी जनजागरूकता एवं जनहित से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

