अवैध ढाबों और गुमटियों पर चला प्रशासन का :सर्जिकल स्ट्राइक’ इटारसी में SDM की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से हड़कंप l
इटारसी। क्षेत्र में मीडिया की खबरों का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। स्थानीय मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर नर्मदापुरम के सख्त निर्देशों के बाद, इटारसी अनुविभागीय अधिकारी (SDM) के नेतृत्व में राजस्व और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मदिरा दुकानों के आसपास चल रहे अवैध अहातों और अड्डों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस औचक निरीक्षण और ‘तूफानी दबिश’ से अवैध कारोबारियों और खुलेआम जाम छलकाने वालों में हड़कंप मच गया।
- 📍 इन प्रमुख इलाकों में हुई छापामार कार्रवाई
प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक साथ क्षेत्र के कई संवेदनशील और चिन्हित इलाकों में दबिश दी। जांच टीम को देखते ही कई असामाजिक तत्व और अवैध रूप से शराब पी रहे लोग मौके से भाग खड़े हुए। मुख्य रूप से इन क्षेत्रों पर शिकंजा कसा गया:
जबलपुर गेट: नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखते हुए जांच की गई।
खेड़ा इटारसी (क्रमांक-1 व 2): सड़क किनारे लगी अवैध गुमटियों और ठिकानों पर कड़ा एक्शन लिया गया।
केसला: ग्रामीण अंचल में चल रहे अवैध अड्डों पर भी टीम ने दबिश दी।
मुस्कान ढाबा’ पर रंगेहाथ पकड़े गए शराबी, केस दर्ज
कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ी सफलता ‘मुस्कान ढाबा’ पर मिली, जहाँ कुछ युवक सरेआम नियमों को ताक पर रखकर मदिरापान कर रहे थे। टीम ने बिना वक्त गंवाए इन्हें रंगेहाथ दबोचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 36(अ) के तहत 2 गंभीर प्रकरण दर्ज कर ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई की गई।
शराब ठेकेदारों को ‘लास्ट वार्निंग’, अहाते के बाहर शराब पी तो दुकान होगी सील
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद मदिरा दुकानों के एजेंटों (अभिकर्ताओं) को अधिकारियों ने कड़े लहजे में अंतिम चेतावनी दी है। अधिकारियों ने साफ किया कि दुकान के आसपास या अहातों के बाहर कोई भी व्यक्ति शराब पीता नहीं दिखना चाहिए। आबकारी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीधे दुकान सील करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SDM की दो टूक चेतावनी
“यह तो सिर्फ शुरुआत है! क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों, बिना अनुमति के चल रहे अहातों और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। माफियाओं और अवैध कारोबारियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी नॉन-स्टॉप जारी रहेगी।”
— अनुविभागीय अधिकारी (SDM), इटारसी
पत्रकार कुणाल पासवान

