टीकमगढ़। ईद-उल-अजहा का पावन पर्व गुरुवार 28 मई को जिलेभर में धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की सिविल लाइन स्थित ईदगाह में सुबह 7 वजकर 30 मिनट पर ईद की मुख्य नमाज अदा की गई, जिसमें हजारों मुस्लिम भाइयों ने शामिल होकर मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रेम, सौहार्द एवं इंसानियत का संदेश दिया। ईदगाह परिसर में सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। ईदगाह के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। वहीं जरूरतमंदों को खैरात देने और लेने वालों की लंबी कतारें भी लगी रहीं।
ईद की नमाज पेश इमाम जामा मस्जिद एवं ईदगाह टीकमगढ़ हजरत मौलाना मुहम्मद शहंशाह सआदी चिश्ती अकबरी द्वारा अदा कराई गई। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ईद-उल-अजहा का मुबारक दिन हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी, सब्र और अल्लाह की फरमांबरदारी की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार केवल जानवर की कुर्बानी का नहीं, बल्कि अपनी बुरी आदतों, नफरत, गुस्से और गलत इच्छाओं को त्यागने का पैगाम देता है।
मौलाना शहंशाह ने लोगों से अपील की कि अपनी कुर्बानी में गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि यही ईद की असली रूह है। उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला सभी की कुर्बानी, इबादत और दुआओं को कबूल फरमाए तथा मुल्क में अमन और सलामती कायम रखे।
ईद-अल-अजहा के अवसर पर जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। कोतवाली परिसर में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय एवं पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने अंजुमन सदर हांजी रज्जाक खान, ईदगाह कमेटी अध्यक्ष डॉ. शरीफ खान,पत्रकार समीर खान,पत्रकार सत्तार बाबा, पत्रकार अकरम खान, मुख्तार अहमद एवं सल्लू खान को फूल मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर ईद की मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर शहर विधायक यादवेंद्र सिंह ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज को ईद की शुभकामनाएं दीं। वहीं त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और मस्जिदों में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था देखने को मिली।
अंत में मौलाना मुहम्मद शहंशाह सआदी चिश्ती अकबरी ने जिलेवासियों एवं समस्त मुस्लिम समाज को ईद-उल-अजहा की दिली मुबारकबाद देते हुए “ईद मुबारक” कहा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

