टीकमगढ़। विश्व रेडक्रॉस सेवा दिवस के अवसर पर 1 जून को जिला अस्पताल परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा क्षय रोगियों के लिए पौष्टिक आहार किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण एवं नियमित उपचार के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षय रोग कोई असाध्य बीमारी नहीं है। नियमित दवाइयों का सेवन, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा व्यवस्थित दिनचर्या अपनाकर इस बीमारी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। अतिथियों ने मरीजों को उपचार के दौरान सकारात्मक सोच बनाए रखने और चिकित्सकों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कलेक्टर एवं अध्यक्ष रेडक्रॉस सोसाइटी विवेक श्रोत्रिय, पूर्व विधायक राकेश गिरी, रेडक्रॉस चेयरमैन महेश साहू, वाइस चेयरमैन अमित शास्त्री, सचिव विनोदादित्य तिवारी, कोषाध्यक्ष विकास अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन अशोक सोनी, सीएमएचओ डॉ. अनुरागी, सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, पार्षद राजीव वर्धमान, मुन्नालाल साहू, हबीब राईन, पंकज प्रजापति, आरती साहू, संगीता शास्त्री एवं डॉ. राहुल गुप्ता उपस्थित रहे।

