जतारा। जिले की महिला एवं बाल विकास परियोजना जतारा में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी उदल सिंह ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर एक सराहनीय पहल की गई। इसी क्रम में सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र मुहारा हरिजन बस्ती में मासिक धर्म स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। विशेषज्ञों एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़े विभिन्न मिथकों और भ्रांतियों के प्रति जागरूक करते हुए वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्यपरक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सामाजिक संस्था संवेदना फाउंडेशन के सहयोग से शाला त्यागी बालिकाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिला सरपंच द्वारा बालिकाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए, जिससे उन्हें सुरक्षित एवं स्वच्छ मासिक धर्म प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना रहा। संवेदना फाउंडेशन की ओर से कुमारी काजल द्विवेदी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं संस्था के सदस्यों ने इस पहल को समाज एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण महिलाएं एवं बड़ी संख्या में किशोरियां उपस्थित रहीं।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

