टीकमगढ़। सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से टीकमगढ़ जिले में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने सिंहस्थ-2016 के दौरान प्राप्त अपने अनुभव साझा करते हुए आगामी सिंहस्थ में संभावित चुनौतियों, व्यवस्थाओं एवं पुलिस की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विश्वास एवं व्यवस्थाओं से जुड़ा एक बड़ा दायित्व है, जिसके लिए पुलिस बल को अभी से प्रशिक्षित एवं दक्ष बनाना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि किसी भी परिस्थिति में प्रभावी एवं त्वरित पुलिसिंग सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अनुशासन, संवेदनशीलता एवं पेशेवर दक्षता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।
यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 जून 2026 से 26 दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण के अंतर्गत जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छह दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, घाट प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, मंदिर व्यवस्था प्रबंधन, आपदा प्रतिक्रिया एवं जनसंपर्क जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विशेष उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा उज्जैन में आयोजित उन्नत स्तरीय सिंहस्थ प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के दो पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है। ये अधिकारी मास्टर ट्रेनर के रूप में जिले के पुलिस बल को प्रशिक्षण देंगे तथा अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ प्रशिक्षणार्थियों को प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, यातायात प्रभारी कैलाश पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
“आज का प्रशिक्षण, कल की सफलता की आधारशिला”
सिंहस्थ-2028 की व्यापक तैयारियों के तहत प्रारंभ किया गया यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल की क्षमता वृद्धि, संसाधन प्रबंधन एवं आधुनिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो भविष्य में बड़े आयोजनों के सफल प्रबंधन में पुलिस की भूमिका को और अधिक मजबूत बनाएगा।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

