टीकमगढ़ । विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आज दिनांक 03 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई ने एक प्रेरणादायी एवं जनहितकारी पहल करते हुए अपने निवास से साइकिल द्वारा कार्यालय पहुंचकर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। यह पहल माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री द्वारा समय-समय पर दिए गए पर्यावरण संरक्षण, फिट इंडिया एवं ऊर्जा संरक्षण के संदेशों से प्रेरित है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, बदलती जीवनशैली और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ता दबाव हम सभी के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में साइकिल का उपयोग न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में भी एक प्रभावी कदम है।
उन्होंने कहा कि साइकिल एक ऐसा साधन है जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से सक्रिय, मानसिक रूप से स्वस्थ और सामाजिक रूप से जिम्मेदार बनाता है। नियमित साइकिल चलाने से हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है, शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है तथा तनाव कम करने में भी सहायता मिलती है।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे छोटी दूरी के लिए साइकिल का अधिकाधिक उपयोग करें तथा अपने दैनिक जीवन में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के प्रति सकारात्मक आदतों को शामिल करें। उन्होंने कहा कि समाज में बड़े परिवर्तन की शुरुआत व्यक्तिगत स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयासों से होती है।
श्री मंडलोई ने यह भी कहा कि स्वच्छ वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। यदि हम सभी मिलकर पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत के प्रति जागरूकता दिखाएं तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
विश्व साइकिल दिवस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई यह पहल न केवल जन-जागरूकता का संदेश देती है, बल्कि समाज को स्वस्थ, पर्यावरण-अनुकूल और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करती है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

