टीकमगढ़। सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को छतरपुर रेंज के डीआईजी विजय खत्री ने पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के साथ जिला पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।
सिंहस्थ-2028 के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन एवं आधुनिक पुलिसिंग से जुड़ी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से जिले के समस्त पुलिस बल को प्रशिक्षित किया जा रहा है। पुलिस कंट्रोल रूम में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 1 जून से 26 दिसंबर 2026 तक विभिन्न चरणों में आयोजित होगा, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंडोर और आउटडोर दोनों प्रकार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी विजय खत्री ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, विषयवस्तु और प्रशिक्षण पद्धति का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने तथा सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान डीआईजी श्री खत्री ने अपने पूर्व सिंहस्थ ड्यूटी के अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यावसायिक दक्षता, अनुशासन, संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसा महाआयोजन पुलिस बल की कार्यकुशलता, धैर्य और जनसेवा की भावना की वास्तविक परीक्षा होता है, जिसके लिए अभी से मजबूत एवं व्यवस्थित तैयारी आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को आधुनिक चुनौतियों एवं सिंहस्थ-2028 की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है, ताकि भविष्य में किसी भी परिस्थिति में प्रभावी और त्वरित पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को पुलिस बल की क्षमता वृद्धि और बेहतर कार्य निष्पादन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

