टीकमगढ़। पुलिस एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस ग्राउंड परिसर, टीकमगढ़ में दिनांक 01 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित समर कैंप का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। एक माह तक चले इस समर कैंप में जिले के बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने कौशल का विकास किया।
समर कैंप के दौरान पेंटिंग, डांस, स्विमिंग, एथलेटिक्स, फुटबॉल, सॉफ्टबॉल, हॉकी, क्रिकेट सहित विभिन्न विधाओं में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही प्रतियोगिताओं एवं व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से भी अवगत कराया गया।
दिनांक 02 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा समर कैंप के प्रशिक्षकों से आत्मीय संवाद किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षकों के अनुभवों को जाना तथा उनके द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभाओं के उन्नयन के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही आगामी वर्षों में आयोजित किए जाने वाले *समर कैंप को और अधिक प्रभावी, उपयोगी एवं व्यापक बनाने के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों एवं युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास वृद्धि तथा सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में समर कैंप के सफल संचालन* में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी प्रशिक्षकों को *प्रमाण-पत्र एवं ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, उप निरीक्षक मयंक नगाइच, प्रधान आरक्षक रहमान ख़ान, महिला प्रधान आरक्षक श्रीमती रानू विश्वकर्मा, महिला आरक्षक मानसी तिवारी, कीर्ति बुंदेला, आरक्षक अंशु परिहार सहित खेल विभाग के अधिकारीगण, प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

