टीकमगढ़। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को प्रेरणादायी साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा ईंधन बचत जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रीय ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं भी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों, बच्चों एवं नागरिकों के साथ साइकिल चलाकर स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व, प्रदूषण नियंत्रण में साइकिल की भूमिका तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर नगर पालिका सीएमओ ओमपाल भदौरिया, जनप्रतिनिधि, पत्रकार बंधु, खिलाड़ी, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक (कोच) सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और नागरिकों को फिटनेस, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने का संकल्प लिया।
“स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य के लिए साइकिल को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।”
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

