टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समस्या निराकरण बैठक आयोजित कर उनकी व्यक्तिगत, स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक समस्याएं सुनीं। बैठक में कर्मचारियों से आत्मीय संवाद करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा अपने बच्चे की गंभीर बीमारी की जानकारी देने पर पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बेहतर उपचार हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण एक प्रभावी पुलिस व्यवस्था की आधारशिला है।
एसपी ने अनुशासन, समयपालन एवं कर्तव्यनिष्ठा पर जोर देते हुए नियमित परेड एवं विभागीय गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

