पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने आरक्षकों एवं हाल ही में पदोन्नत हुए प्रधान आरक्षकों के साथ आत्मीय संवाद किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा नवीन पदोन्नत प्रधान आरक्षकों को पदोन्नति की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवा जीवन की कामना की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से उनके कार्यक्षेत्र, अनुभवों एवं विभागीय दायित्वों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में प्रत्येक पद महत्वपूर्ण है तथा जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार पुलिस की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्य में दक्षता, अनुशासन, टीम भावना, जनसंपर्क एवं प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही पुलिस बल के सदस्यों से उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं के संबंध में भी चर्चा कर उन्हें निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया।
बैठक के दौरान यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि उपस्थित पुलिस बल के 05 कर्मचारियों का जन्मदिवस है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा सभी जन्मदिवस मनाने वाले पुलिसकर्मियों का केक कटवाकर जन्मदिन मनाया गया तथा उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उत्तम स्वास्थ्य, सुखद पारिवारिक जीवन एवं सफल सेवा कार्यकाल की मंगलकामनाएं दी गईं। इस आत्मीय पहल से उपस्थित पुलिसकर्मियों में उत्साह, अपनत्व एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी, आरक्षक एवं नवीन पदोन्नत प्रधान आरक्षक उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

