टीकमगढ़। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की जिला स्तरीय बैठक रविवार को सीनियर बेसिक हाई स्कूल टीकमगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों की समस्याओं, संगठन की भावी रणनीति तथा शिक्षा एवं शिक्षक हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित ने बताया कि प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में तीन चरणों में जिला स्तरीय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में टीकमगढ़ जिले की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश से मार्गदर्शक के रूप में प्रांतीय महामंत्री राकेश कुमार गुप्ता एवं संभागीय संगठन मंत्री तथा पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अजब सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षिकाओं श्रीमती पुष्पा जैन, श्रीमती नीलपा द्विवेदी एवं श्रीमती अनामिका अवस्थी द्वारा सरस्वती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति के साथ हुआ। जिला संगठन मंत्री जगदीश द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी अधिकारी सी.एल. अहिरवार, कन्या प्रभारी प्राचार्य श्रीमती संगीता झा, सीनियर बेसिक स्कूल के प्राचार्य डी.डी. अहिरवार एवं पूर्व जिला सचिव अशोक सेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता अजब सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश शिक्षक संघ सदैव शिक्षा, विद्यार्थियों और विद्यालयों के हित में कार्य करता आया है। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
प्रांतीय महामंत्री राकेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) संबंधी विषयों को लेकर देशव्यापी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की मांगों एवं सुझावों को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संगठन निरंतर कार्य कर रहा है।
जिला सांख्यिकी अधिकारी सी.एल. अहिरवार ने शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जिला सचिव अरविंद साहू एवं जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद दुरवार ने अतिथियों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। बैठक में दिवंगत शिक्षकों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने संबंधी प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष विवेक शर्मा एवं तहसील टीकमगढ़ के हरबल सिंह राजपूत ने किया, जबकि कार्यवाही का संधारण जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र नरवरिया ने किया। अंत में संगठन की मजबूती, शिक्षक एकता एवं शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

